लहार में टमटम चालक से मारपीट और लूट
लहार थाना क्षेत्र में टमटम चालक के साथ मारपीट और लूट की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित धर्मेंद्र कुशवाह पुत्र रतीराम निवासी ग्राम गनेशपुरा ने थाने में आवेदन देकर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सवारी बनकर बैठे युवक
पीड़ित के अनुसार 13 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सुरेंद्र बैटरी हाउस के पास बस स्टैंड पर दो युवक मिले। उन्होंने अर्जेंट मटेला गांव जाने की बात कही। चालक ने देर रात का हवाला दिया, लेकिन युवकों के आग्रह पर 150 रुपये किराए में उन्हें बैठाकर मटेला की ओर रवाना हो गया।
रास्ते में डिग्री कॉलेज के आगे एक सीटी-100 मोटरसाइकिल पर सवार तीसरा युवक भी मिला। कुछ दूरी पर दोनों युवकों ने किराया दिया और आगे निकल गए।
वापसी में वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि जब चालक वापस लहार की ओर लौट रहा था, तभी तीनों युवक पीछे से आए और टमटम रुकवाकर गाली-गलौज करने लगे। कॉलर पकड़कर नीचे उतार लिया और मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल नंबर 8839604997 और 800 रुपये नगद छीन लिए। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और टमटम लेकर फरार हो गए।
पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
करीब आधे घंटे बाद होश आने पर पीड़ित थाना लहार पहुंचा और घटना की सूचना दी। उसने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल, नगदी और टमटम बरामद कराने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देखे विमलेश की रिपोट