फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस की टीम एनएच-74 से लेकर शहर के आंतरिक मार्गों पर मुस्तैद दिखाई दे रही है। शनिवार को एनएच-74 तिराहे से गदरपुर शहर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांवड़ यात्रा के कारण उत्पन्न हुए भारी जाम को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी घंटों मशक्कत करते नजर आए। पुलिस द्वारा यातायात रोककर सबसे पहले शिवभक्तों को सुरक्षित रास्ता दिया जा रहा है, ताकि उनकी यात्रा में कोई व्यवधान न आए।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, एसआई राजबीर सिंह, चन्द्र पाल (चौकीदार), शाहिद (चौकीदार), मोहन बोरा, शिवराज, महावीर और मौ. रफी की टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस की यह संयुक्त टीम तिराहे और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील पॉइंट्स पर लगातार गश्त कर रही है। क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। एनएच-74 और गदरपुर रोड पर भारी यातायात के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि किसी भी शिवभक्त को परेशानी न हो। उन्होंने नागरिकों से धैर्य रखने और पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया है। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने एनएच-74 पर बड़े वाहनों की आवाजाही को विशेष रूप से मॉनिटर करना शुरू कर दिया है और जगह-जगह पुलिस पिकेट तैनात की गई है ताकि कांवड़ियों के जत्थों का आवागमन सुगम बना रहे। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

