फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग, डीएम को राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत । रामपुर में एक अधिवक्ता की निर्मम हत्या के विरोध में पीलीभीत जिले के वकीलों का गुस्सा गुरुवार को खुलकर सामने आया। जिले भर के अधिवक्ता लामबंद होकर सड़कों पर उतर आए और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी वकीलों ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
जिला संयुक्त बार एसोसिएशन, सिविल बार और सेंट्रल बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए। आक्रोशित वकील जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने रामपुर हत्याकांड के दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी सजा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के अंत में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं—रामपुर हत्याकांड के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, मृतक अधिवक्ता के परिवार को उचित मुआवजा व सुरक्षा, तथा उत्तर प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण कानून को अविलंब लागू करना।
वकीलों का कहना है कि समाज को न्याय दिलाने वाला वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। हाल के दिनों में अधिवक्ताओं पर बढ़ते हमलों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। इसी के विरोध में जिले भर के वकीलों ने सामूहिक रूप से न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया, जिससे अदालतों में सन्नाटा पसरा रहा और दूर-दराज से आए वादकारियों को बिना सुनवाई के लौटना पड़ा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981

