फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत जनपद के पूरनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और गोकशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्र ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार बीती रात पूरनपुर पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि भगवन्तपुर की ओर से दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर गोकशी के इरादे से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हनुमान मंदिर के पास पुलिया पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। जब मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने भागने का प्रयास किया।
उबड़-खाबड़ रास्ते पर मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से अकरम और कामिल उर्फ मुरादी के पैरों में गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी पूरनपुर में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा 6 फरवरी को सुवाबोझ के जंगल में हुई गोकशी की घटना में शामिल आरोपियों की साथी रेशमा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर अपराधी हैं। मुख्य आरोपी अकरम पूरनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर गोकशी और गैंगस्टर एक्ट सहित 21 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कामिल पर भी 10 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
एसपी ने बताया कि फरार आरोपी नईम उर्फ मुन्ना की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क/जब्त करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक खान -151173981

20260212155332763120606.mp4