फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
#जियाउल हक खान डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज फास्ट न्यूज इंडिया चैनल पीलीभीत
पीलीभीत में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के स्टेशन मार्ग पर सीतापुर आंख अस्पताल के सामने उस समय हुआ, जब एलएच शुगर फैक्ट्री से गन्ना खाली कर लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला ट्रॉली की चपेट में आ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी माया देवी (75), पत्नी स्वर्गीय छोटेलाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
