नकदी व कीमती जेवरात भी ले जाने की आशंका, एसपी से गुहार
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। थाना अन्तु क्षेत्र के जालिपा नगर, नगर पंचायत अन्तु में एक नवविवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय, चिंता और असमंजस की स्थिति में है। पीड़ित पति ने पत्नी की शीघ्र बरामदगी एवं मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को प्रार्थना पत्र सौंपा है। जालिपा नगर निवासी रोहित कुमार के अनुसार उसका विवाह 2 फरवरी 2024 को माँ चन्द्रिका देवी धाम में ज्योति रावत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाह के बाद दोनों सामान्य दांपत्य जीवन व्यतीत कर रहे थे। रोहित कुमार ने बताया कि 4 फरवरी 2026 को दिन में लगभग 11 बजे उसकी पत्नी दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पीड़ित के अनुसार महिला की खोजबीन आसपास के गांवों, रिश्तेदारों व परिचितों के यहां की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी दौरान परिजनों को संदेह हुआ कि महिला अपने जीजा संतोष कुमार रावत, निवासी ग्राम देवली, थाना लीलापुर, जनपद प्रतापगढ़ के साथ गई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। रोहित कुमार का यह भी आरोप है कि जाते समय उसकी पत्नी घर में रखे लगभग 10 हजार रुपये नकद तथा उसकी मां के कीमती सोने-चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गई है। इनमें अंगूठी, कान की बाली, पायल, माथा-बेंदी, मंगलसूत्र, पावजेब, हाफपेटी और नथनी शामिल हैं। इन आभूषणों की कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि महिला के लापता होने के बाद से पूरे परिवार का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वे किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं। पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में 1076 हेल्पलाइन पर तत्काल सूचना दी गई, साथ ही थाना अन्तु में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पीड़ित का आरोप है कि थाना स्तर पर महिला को बुलाकर दोनों पक्षों में समझौता कराने की बात कही गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो महिला की बरामदगी हो सकी है और न ही किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी दी गई है। इससे पीड़ित परिवार में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। रोहित कुमार ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी के साथ कोई अप्रिय घटना भी घटित की जा सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की शीघ्र बरामदगी कराई जाए और यदि किसी प्रकार की साजिश या अपराध सामने आता है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
1-ज्योति रावत पत्नी

2- रोहित कुमार ज्योति का पति
