केलखेड़ा। नेशनल हाईवे-74 पर आज एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, हाईवे पर चल रहे एक डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिसके चलते पीछे से आ रही एक कार डंपर से जा टकराई। इसी दौरान पीछे आ रही दूसरी कार भी अनियंत्रित होकर पहली कार से टकरा गई। इस भीषण भिड़ंत में दोनों कारों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर 108 एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी और यातायात सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-74 पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन अकरम खान ने इससे पहले भी उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया था और यहां अंडरपास बनाए जाने की मांग की थी, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
आज हुए हादसे के बाद पूर्व चेयरमैन अकरम खान और पूर्व चेयरमैन हामिद अली अपने समर्थकों के साथ मौके पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द अंडरपास निर्माण की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने भी धरने का समर्थन करते हुए कहा कि हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं से लोग भयभीत हैं और प्रशासन को इस दिशा में तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। उत्तराखंड से जलालुद्दीन की रिपोर्ट 151188240
