देवरिया । जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 53 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 28 राजस्व विभाग, 10 पुलिस विभाग, 03 विकास विभाग तथा 12 अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायताओं में से 06 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
आज सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर सदर तहसील में 03 पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड तथा 01 लाभार्थी को दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर वितरित किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने तहसील देवरिया सदर के समस्त पटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार एवं आपदा पटल का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित ऑनलाइन फीडिंग को शीघ्र पूर्ण कराने एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए टीम गठित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। रिपोट - राकेश श्रीवास्तव 151131275
