फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
#जियाउल हक खान डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज फास्ट न्यूज इंडिया चैनल पीलीभीत
दहेज में बुलेट और सोने की मांग पूरी न होने पर बहू को पेट्रोल डालकर जलाया, हालत नाजुक
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहित महिला को जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना माधोटांडा थाना क्षेत्र के मदीना नगर की है, जहां ससुराल पक्ष द्वारा महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। महिला इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया, बाद में हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़िता की पहचान मल्लपुर न्यूरिया निवासी नूरी के रूप में हुई है। नूरी की शादी वर्ष 2018 में मदीना नगर मुझा रोड निवासी फिरोज खान से हुई थी। नूरी के दो छोटे बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करता रहा।
पीड़िता के अनुसार, ससुराल वाले दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई। मंगलवार को जब नूरी का पति फिरोज खान घर पर मौजूद नहीं था, तभी सास रिहाना और देवर आदिल उर्फ मीनू ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।
आग लगने से नूरी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ डॉ. प्रतीक दहिया पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़िता का बयान दर्ज किया। नूरी ने साफ तौर पर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जिंदा जलाने का आरोप लगाया। अस्पताल में मौजूद नूरी के पिता ने भी ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए।
महिला की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर पति फिरोज खान, सास रिहाना, ससुर महबूब खान, देवर आदिल उर्फ मीनू, अफरोज खान और ननद नसरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे कोतवाल पवन पांडे ने बताया कि महिला के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।
