फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
इबादत, दुआ और रोशनी में डूबी शब-ए-बरात, कब्रिस्तानों और मस्जिदों में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
पीलीभीत सहित जनपद भर में शब-ए-बरात का पर्व पूरे अकीदत, श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों और कब्रिस्तानों में देर रात तक रौनक बनी रही। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इबादत कर अपने गुनाहों की माफी मांगी और देश-दुनिया में अमन, चैन और भाईचारे की दुआएं कीं।
शब-ए-बरात की रात को लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों में खास उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों को रोशनी से सजाया, फातिहा पढ़ी और अपने मरहूम रिश्तेदारों की कब्रों पर जाकर दुआएं कीं। कब्रिस्तानों में अगरबत्ती और दीयों की रोशनी से माहौल रूहानी नजर आया।
इस अवसर पर लोगों ने नफ्ल नमाज अदा की, कुरआन की तिलावत की और गरीबों व जरूरतमंदों में खैरात व मिठाइयां बांटी। कई स्थानों पर सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए एक-दूसरे को शब-ए-बरात की मुबारकबाद दी गई। इस मौके पर सलमान खान इस्लाम खां हारून खां इमरान खां अरमान खां सुहेल खां आदि लोग रहे
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, वहीं पुलिस द्वारा लगातार गश्त भी की गई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
शब-ए-बरात के मौके पर जिले भर में भाईचारे और आपसी सौहार्द की मिसाल देखने को मिली, जहां लोगों ने इबादत के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान 151173981
