फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अथक मेहनत से प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, महिला, छात्र, युवा, मछुआरे, छोटे व्यवसायी एवं उद्योगपतियों—को सशक्त बनाने वाला संतुलित और भविष्योन्मुखी दस्तावेज है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत (2047) की ओर देश को निर्णायक गति देगा। यह बात भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह संयोजक एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य से लेकर पर्यटन, ग्रामीण भारत से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल से लेकर तीर्थस्थलों तक ViksitBharatBudget हर क्षेत्र को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक बजट है। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड 12.2 लाख करोड़ रुपये का सार्वजनिक पूंजीगत व्यय सड़कों, रेलमार्गों, बंदरगाहों और शहरी बुनियादी ढांचे को गति देगा, जिससे लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। एमएसएमई विकास निधि के अंतर्गत 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान से नवाचार आधारित उद्यमों को इक्विटी समर्थन मिलेगा, जिससे एमएसएमई विकसित भारत के विकास इंजन के रूप में स्थापित होंगे। ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि दुर्लभ पृथ्वी तत्व कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स घटक निर्माण योजना को 40,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाना, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, 20 राष्ट्रीय जलमार्ग और 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर आत्मनिर्भरता और हरित विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को बजट 2026-27 में 2.80 लाख करोड़ रुपये का आवंटन मिला है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। इसके अतिरिक्त 1 लाख करोड़ रुपये केंद्र प्रायोजित योजनाओं, 15,000 करोड़ रुपये पूर्ण केंद्रीय योजनाओं तथा 20,000 करोड़ रुपये ब्याज-मुक्त ऋण एवं वित्त आयोग अनुदान के रूप में प्राप्त होंगे। वाराणसी-दिल्ली एवं वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, लखनऊ-कानपुर-आगरा मेट्रो जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी, उद्योग, कृषि एवं रोजगार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह बजट अंत्योदय से अभ्युदय तक की यात्रा का स्पष्ट रोडमैप है और अमृत काल में समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का अमृत कलश है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को देशवासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन ज्ञापित किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
