फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर। गदरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी, ऊधम सिंह नगर, दिवेश शाशनी ने की। बैठक में अस्पताल की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के साथ गदरपुर के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नगरपालिका अध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, जल संस्थान के प्रतिनिधि, चिकित्सक संघ से जुड़े डॉक्टरों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, संसाधनों और स्टाफ की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह भी सामने आया कि वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर में डॉक्टर अंजली पर पूरे अस्पताल की जिम्मेदारी का भार है, जिससे कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि शीघ्र ही नए डॉक्टरों की तैनाती के लिए ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता को इलाज के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
बैठक के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष, गर्भवती महिलाओं की जांच कक्ष, प्रसव उपरांत देखभाल कक्ष, डेंगू वार्ड सहित सामान्य वार्डों का भ्रमण कर साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अस्पताल में शीघ्र ही नई आधुनिक प्रसव मेज तथा मरीजों के लिए आरामदायक नए गद्दे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों की सुविधा के लिए जांच कक्षों में सभी मौसम में उपयोगी वातानुकूलन व्यवस्था तथा गर्म पानी की सुविधा हेतु सौर ऊर्जा से संचालित गीजर लगाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने वार्ड सहायकों और सफाई कर्मियों की कमी को भी गंभीरता से लेते हुए बताया कि जिला स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को केवल मरीजों को आगे भेजने का केंद्र न बनाया जाए, बल्कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को यथासंभव गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए। बिना ठोस कारण मरीजों को जिला अस्पताल भेजने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनावश्यक रेफरल या मरीजों से जुड़ी शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। प्रशासन का उद्देश्य गदरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक मॉडल स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

