फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कैथी में जल निगम की लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है। पाइपलाइन की मरम्मत के लिए की गई खुदाई को लंबे समय बाद भी दुरुस्त नहीं किया गया है। खुले गड्ढे और बहते पानी के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई है, जिससे आए दिन स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं बाइक सवार भी हादसे का शिकार हो रहे हैं।
प्रतिदिन हजारों लीटर पानी की बर्बादी के साथ-साथ क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल निगम और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि किसी दिन कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पाइपलाइन दुरुस्त कर गड्ढा भरा जाए, ताकि स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान सुरक्षित रह सके।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
