बिजली विभाग की लापरवाही से आए दिन हो रही हैं दुर्घटनाएं: नाजिर अली
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर : वार्ड नंबर 10, आजाद नगर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विद्युत विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी करने पहुंची। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही सभासद पति नाजिर अली और पूर्व सभासद व समाजसेवी मोहम्मद आलम ने मौके पर पहुंचकर विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
अधिकारियों से तीखी नोकझोंक
मौके पर पहुंचे सभासद पति नाजिर अली ने अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी के समक्ष क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विभाग पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग जुर्माना वसूलने में तो तत्परता दिखाता है, लेकिन उपभोक्ताओं की सुरक्षा और सुविधाओं के नाम पर पल्ला झाड़ लेता है।
जर्जर व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
पूर्व सभासद मोहम्मद आलम ने अधिशासी अभियंता को क्षेत्र की बदहाली से अवगत कराते हुए कहा कि आजाद नगर की गलियों में लटकते जर्जर तार और खुले ट्रांसफार्मर कभी भी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकते हैं, साथ ही क्षेत्र में लगे लोहे के पोल भी पूरी तरह गल चुके हैं जो कभी भी गिरकर किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि बार-बार लिखित शिकायत के बावजूद विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है और पुलिस बल के साथ अचानक छापेमारी करना जनता में भय पैदा करने जैसा है, जबकि विभाग की प्राथमिकता सबसे पहले इन खतरनाक जर्जर लाइनों और गल चुके खंभों को बदलने की होनी चाहिए ताकि आम जनमानस सुरक्षित रह सके।
समर्थकों का जमावड़ा और चेतावनी
इस दौरान पर्व विधायक प्रत्याशी टोनी पठान, आसिम पाशा, साजिद मलिक, जावेद, तौसीफ पाशा, आसिफ पाशा, राशिद मलिक और शम्मी समेत भारी संख्या में स्थानीय लोगों ने विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जर्जर बिजली लाइनों, गल चुके पोल और खुले ट्रांसफार्मरों को ठीक नहीं किया गया, तो विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। काफी देर तक चली बहस और अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी द्वारा समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद ही मामला शांत हो सका। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

