फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
तीन दिन से गांवों में घूम रहा था तेंदुआ, संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमार्टम को IVRI भेजा गया शव
पीलीभीत जनपद के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्राम श्रीनगर गौटिया में शनिवार सुबह एक तेंदुए का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। तेंदुए का शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था, जिससे ग्रामीणों और किसानों में डर व्याप्त था।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते तीन दिनों से गांव पटिहन और आसपास की आबादी के नजदीक तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी। गुरुवार देर रात तेंदुए को नेतापुर की आबादी में घुसते हुए भी देखा गया था। लगातार मूवमेंट के चलते लोग खेतों में जाने से कतरा रहे थे।
ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक वानिकी विभाग की टीम तेंदुए पर लगातार नजर बनाए हुए थी। हालांकि शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में तेंदुए की मौत हो गई। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो श्रीनगर गौटिया से सटे गन्ने के खेत में तेंदुए का मृत शरीर पड़ा मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही खुटार सामाजिक वानिकी विभाग को सूचित किया गया। रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में बताया गया कि तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था, इसी कारण वह आबादी के पास गन्ने के खेतों में रह रहा था।
वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय भिजवाया। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
इधर, तेंदुए की मौजूदगी और उसकी मौत के बाद भी सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में दहशत बनी हुई है। हाल के दिनों में तेंदुए के हमलों की खबरें भी सामने आई थीं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी है। रिपोर्ट जियाउल हक खान 151173981
