पुलभट्टा पुलिस और SOG ने सात दिनों में किया सनसनीखेज वारदात का खुलासा, बरेली से हुई गिरफ्तारी
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर/पुलभट्टा। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का सफल अनावरण कर दिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के बाद गठित पुलिस टीमों ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से अवैध असलहा और लूट का माल भी बरामद हुआ है।
तमंचे की नोक पर दी थी वारदात को अंजाम
बीती 22 जनवरी को ग्राम बरा निवासी नरेश कुमार के घर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर परिवार को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया था। लुटेरे घर से 87,000 रुपये की नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए थे। उसी रात बदमाशों ने पास के ही गांव बरी से एक बाइक भी चोरी की थी। इन वारदातों के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
वारदात के खुलासे के लिए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में टीमों का गठन कर दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भेजा था। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी इस्लाम (निवासी लोहार नगला, बरेली) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुले कई राज
पूछताछ के दौरान आरोपी इस्लाम ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने बाइक चोरी की और लूट की रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले में फरार दो अन्य बदमाशों अबरार और शकील की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस सफलता में थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, एसओजी प्रभारी जसवीर सिंह चौहान, दिनेशपुर थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट, पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और उनकी टीमों ने अहम भूमिका निभाई। एसएसपी ने टीम की मुस्तैदी की सराहना की है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
