फास्ट न्यूज़ इंडिया पिछोर। नगर में आज विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत टेकरी मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें नगर की बड़ी संख्या में मातृशक्ति, पुरुष एवं श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल तक पहुँची, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आनंदपुरी जी महाराज, चंदन गिरी जी महाराज, सिया शरण जी महाराज एवं रामजीवन जी महाराज द्वारा विधिवत राम आरती के साथ किया गया।
सामाजिक समरसता का संदेश
मंच से संबोधित करते हुए आनंदपुरी जी महाराज ने सामाजिक एकता और समरसता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि “जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई” केवल नारा नहीं बल्कि समाज को एकजुट करने का संकल्प है। उन्होंने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र और समाज हित में एकजुट होने का आह्वान किया। मध्य भारत प्रांत से पधारे विजय दीक्षित जी ने भी अपने संबोधन में ऊंच-नीच की भावना त्यागकर सामाजिक एकता को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
संस्कार, मातृशक्ति और राष्ट्र निर्माण
विजय दीक्षित जी ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कारी परिवार से ही सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी विदेशी कलाकारों को आदर्श मान रही है, जबकि यदि घरों में झांसी की रानी, भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के चित्र होंगे, तो बच्चों में राष्ट्रभक्ति और संस्कार स्वतः विकसित होंगे। उन्होंने शुद्ध भोजन, भारतीय परंपराओं और पारंपरिक जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।
पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
सम्मेलन में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता दिखाई गई। वक्ताओं ने प्लास्टिक और पॉलिथीन के त्याग, सब्जी के लिए कपड़े के थैलों के उपयोग, शादी-ब्याह और भंडारों में प्लास्टिक डिस्पोजल बंद करने तथा जल संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया, ताकि भविष्य में पर्यावरण और ऑक्सीजन संकट से बचा जा सके।
स्वदेश, स्वाभिमान और संस्कृति
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से अपनी भाषा, पहनावे और त्योहारों पर गर्व करने की अपील की गई। साथ ही संविधान का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक रूप से भारत माता की आरती की गई। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। राजू जाटव 151173825
