फ़ास्ट न्यूज इण्डिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर जहांगीराबाद स्थित दया क्लिनिक एंड हेल्थ केयर सेंटर में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रूप हॉस्पिटल, मेरठ की अनुभवी चिकित्सकों की पूरी टीम उपस्थित रही, जिन्होंने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य शिविर में नगर जहांगीराबाद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर के दौरान लगभग 300 मरीजों का विभिन्न रोगों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों की सामान्य जांच के साथ-साथ रक्तचाप, शुगर सहित अन्य बीमारियों की भी जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को उचित इलाज व दवाइयों के संबंध में सलाह दी गई। दया क्लिनिक एंड हेल्थ केयर सेंटर के डायरेक्टर डॉ. अमन गोयल ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन समय रहते अपनी बीमारी की पहचान कर उपचार करा सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। डॉ. अमन गोयल ने रूप हॉस्पिटल, मेरठ की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से शिविर को सफल बनाया जा सका। शिविर में आए मरीजों ने भी चिकित्सकों की सेवाओं की प्रशंसा की और दया क्लिनिक एंड हेल्थ केयर सेंटर द्वारा किए गए इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की। रिपोर्ट सुनील कुमार 151044750
