ठिठुरन के बीच श्रद्धा की डुबकी, पीलीभीत में दो साल की सबसे सर्द रात दर्ज
पीलीभीत जिले में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। बुधवार की रात जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्षों के मुकाबले सबसे ठंडी रात रही। गुरुवार सुबह भी तापमान तीन डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे आमजन को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ठंड ने श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पाया। तड़के सुबह से ही जिले के विभिन्न गंगा व शारदा नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरनपुर क्षेत्र में शारदा नदी के धनाराघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं रमनगरिया क्षेत्र में संत-महात्माओं व श्रद्धालुओं ने तड़के करीब पांच बजे नदी में आस्था की डुबकी लगाई।
घाटों पर भजन-कीर्तन और “गंगा मैया की जय” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। कल्यानपुर चक्रतीर्थ में भी श्रद्धालुओं ने स्नान कर खिचड़ी, तिल, गुड़ आदि का दान किया। बिलसंडा के लिलहर और बीसलपुर क्षेत्र के नदी घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
इसके अलावा, जिले के विभिन्न मंदिरों में भी सुबह से पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था पूरे दिन बनी रही। प्रशासन द्वारा प्रमुख घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रिपोट - जियाउल हक़ खान 151173981
