पिछोर (शिवपुरी)। थाना पिछोर में दर्ज एक कथित अपहरण प्रकरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 23 दिसंबर 2025 को उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव में आकर झूठा अपहरण का मामला दर्ज किया गया है, जबकि वास्तविकता कुछ और है।
जानकारी के अनुसार, 23/12/2025 की रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच छबेन्द्र पुत्र प्रीतम सिंह चौहान निवासी बिरोली द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं—
दीपक यादव निवासी विजयपुर (मंडल उपाध्यक्ष),
रहीश यादव निवासी मोतीपुर (विधायक प्रतिनिधि एवं मंडल उपाध्यक्ष, खनियाधाना),
जितेंद्र यादव निवासी ममरौनी (खनियाधाना),
विजयपाल यादव निवासी मुहासा (मंडल अध्यक्ष, किसान मोर्चा)
ने उसे पकड़कर थाना पिछोर में पुलिस के सुपुर्द किया था। इस संबंध में थाना पिछोर में एनसीआर क्रमांक 0575/2025 दर्ज की गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसके बाद छबेन्द्र चौहान ने अपने राजनीतिक रसूख का उपयोग करते हुए, थाना ले जाते समय गाड़ी में बैठाने के वीडियो को तोड़-मरोड़कर मीडिया एवं पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही भीड़ एकत्र कर दबाव बनाया गया, जिसके चलते 24/12/2025 को रात 12:31 बजे थाना पिछोर में एफआईआर क्रमांक 0648 के तहत अपहरण का झूठा प्रकरण दर्ज कर लिया गया।
पीड़ित बताए जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले को साजिश करार देते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सच्चाई सामने आने पर स्पष्ट हो जाएगा कि कोई अपहरण नहीं हुआ, बल्कि आरोपी को उसकी ही हरकतों के चलते पुलिस के सुपुर्द किया गया था।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर राजू जाटव पिछोर
