फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र के दरियावगंज में घर में चारपाई पर सो रही एक महिला की देर रात लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पास में ही सो रहे बेटे ने चीखपुकार कर परिजनों को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में मृतका के बेटे से जानकारी हासिल की। पुलिस ने आरोपी युवक को भी हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई के लिए तहरीर का इंतजार है।
पुलिस के मुताबिक दरियावगंज में मंगलवार की रात एक महिला की हत्या की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। महिला चारपाई पर मृतावस्था में थी। मृतका की शिनाख्त 50 वर्षीय रेखा देवी पत्नी सत्यपाल के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सत्यपाल पंजाब में मजदूरी करते हैं। घटना स्थल पर मृतका के समीप दूसरी चारपाई पर सो रहे उसके 15 वर्षीय बेटे रामू ने पुलिस को बताया कि उसकी मां चारपाई पर सो रही थीं, तभी गांव का ही एक युवक आया और उसने उसकी मां के सिर पर लाठी से प्रहार किया। वह डर की वजह से चुपचाप पड़ा रहा। आरोपी के जाने के बाद उसने चीखपुकार की। उसकी चीखपुकार पर दादी सुखदेवी, चाचा अरुण कुमार मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। डॉग स्क्वायड ने भी घटना स्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने आरोपी युवक को भी हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट मोहित गुप्ता 151022222
