कैबिनेट मंत्री ने हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड समागम 2025 का किया समापन, विजेताओं को नवाजा
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड पंतनगर। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को पंतनगर में आयोजित कुमाऊं मंडल हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड समागम 2025 कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान उन्होंने तीन दिवसीय समागम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने समापन अवसर पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवाओं को केवल शिक्षित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण गुणों से युक्त करना भी आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि ये गुण ही युवा को एक अच्छा नागरिक बनाएंगे, जो देश के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्काउट और गाइड संगठन इन्हीं गुणों का सबसे बेहतर तरीके से प्रतिनिधित्व करते हैं। कैबिनेट मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अपनी क्षमताओं की पहचान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करने और अपने भीतर मानवीय गुणों को विकसित करने का भी आह्वान किया।
समागम के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में श्रेष्ठता प्रदर्शित करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रादेशिक संगठन आयुक्त हिमांशु सक्सेना, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलका मिश्रा, दुग्ध संघ डायरेक्टर (ऊधम सिंह नगर) इंदर सिंह मेहता, मंडल महामंत्री टीकम सिंह कोरंगा, दीपक कुमार तिवारी और कविता तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804
