शाहजहांपुर में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। आरोपी पिता नूर मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया कि उसे बेटी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। यह घटना मंगलवार सुबह रोजा थाना क्षेत्र के सुतनेरा गांव में हुई थी।आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी उसे नींद की गोलियां खिलाकर सुला देती थी। इसके बाद वह एक युवक को घर बुलाती थी। पिता ने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन बेटी नहीं मानी।
नूर मोहम्मद के अनुसार, मंगलवार को भी उसने बेटी को फोन पर बात करने से रोका, जिस पर बेटी ने अपशब्द कहे। इससे वह क्रोधित हो गया। उसने घर में रखे डंडे से बेटी पर हमला कर दिया और उसका गला घोंटा था। हत्या के बाद वह करीब आधा घंटे तक बेटी के शव के पास बैठा रहा, फिर वहां से भाग गया।
पुलिस ने आरोपी नूर मोहम्मद को दियूरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि बेटी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह युवक दिल्ली में काम करता था। बेटी का भाई इस रिश्ते से खुश था और उसने उनकी शादी तय कर दी थी, लेकिन पिता नूर मोहम्मद को यह रिश्ता बिल्कुल पसंद नहीं था।
घटना के समय मृतका की भाभी कपड़े धोने गई हुई थी। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।घटना के फौरन बाद जब मृतका की भाभी घर पहुंची तो उसने ससुर के हाथ में डंडा देखा था। तब आरोपी ने कहा था कि मैने मारा है। चिल्ला चिल्ला कर सबको बता दूंगा। उसके बाद वह वहां से भाग गया था।
