फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया मालनपुर/भिंड। 'पूत कपूत सुने हैं, पर माता न सुनी कुमाता' इस पंक्ति को मालनपुर के वार्ड क्रमांक 14 में हुई घटना ने झुठलाकर रख दिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में मां ने अपने 28 दिन के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। जब पिता बच्चे को बचाने दौड़ा तो महिला ने पति को चाकू मार दिया। चाकू पति के प्राइवेट पार्ट पर जाकर लगा, जिससे वह घायल हो गया। दिल दहला देने वाली इस वारदात ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। मालनपुर थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपित महिला के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, मालनपुर के वार्ड क्रमांक 14 में चार माह पहले किराए के मकान में 20 वर्षीय ऊषा बघेल अपने पति 21 वर्षीय जगन्नाथ पुत्र शिवलाल बघेल निवासी लाधवारी महुआ खेरा थाना जिला ललितपुर यूपी ने रहना शुरू किया था। इसी साल जनवरी 2025 में जगन्नाथ और ऊषा की शादी हुई थी। शादी के बाद जगन्नाथ मालनपुर रहने के लिए आ गया। जहां वह मजदूरी का काम करता था। तीन अक्टूबर को ऊषा ने बेटे को जन्म दिया। बेटे का नाम देव रखा था।जगन्नाथ ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात 12 से एक बजे के बीच ऊषा ने मुझसे विवाद करना शुरू कर दिया। जब मैंने, विवाद न करने करने की बात कही तो ऊषा ने सोते हुए बेटे का गला दबा दिया। जब मैं अपने बेटे को बचाने के लिए आगे बढ़े तो ऊषा ने पास में रखे चाकू से हमला किया, जो मेरे गुप्तांग पर लगा और खून बहना शुरू हो गया। इसके बावजूद भी जैसे-तैसे मैंने, अपने बेटे को उठाया तो उसका पूरा शरीर ठंडा पड़ चुका था, सांस चलना बंद हो गई थी। इसके बाद मैं, अपने बेटे को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डाक्टरों ने बच्चे की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही मेरा उपचार शुरू हुआ।जगन्नाथ ने बताया कि मेरी पत्नी मुझ पर शक करती थी, पत्नी का कहना था कि मेरा किसी अन्य महिला के साथ साथ चक्कर चल रहा है। इसी बात को लेकर कुछ दिनों से मेरे घर में विवाद हो रहा था। पत्नी ऊषा छरैंटा खनियाधाना शिवपुरी की रहने वाली है। रिश्ते में ये मेरी शाली लगती थी। पत्नी ऊषा की पहली शादी चार साल पहले ग्राम बक्शनपुर शिवपुरी में हुई थी। शादी के बाद पति ने इसे छोड़ दिया था। इसके बाद मैंने, जनवरी माह में इससे शादी कर ली। शादी के बाद मेरी पत्नी ने मेरे माता-पिता से विवाद करना शुरू कर दिया। साथ ही अपने सास-ससुर से अलग रहने की जिद शुरू कर दी। इसके बाद मैं, अपनी पत्नी को लेकर मालनपुर आ गया था।मालनपुर थाना प्रभारी प्रदीप सोनी ने कहा कि मां के द्वारा बेटे की हत्या करने के मामले में आरोपित महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेश शिवहरे 151168597
5