राजधानी स्थित आईटीओ के आसपास आज सुबह एक्यूआई 284 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में है। वहीं, बारापुला में 'खराब' श्रेणी में एक्यूआई 290 दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास एक्यूआई 426 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में है। प्रदूषण पर काबू पाने के लिए इंडिया गेट के पास पानी की फुहारों का झिड़काव किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली से सटा गाजियाबाद सबसे ज्यादा प्रदूषित है। लगातार तीसरे दिन शनिवार को शहर की हवा देश में सबसे प्रदूषित रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में 324 दर्ज किया गया।
AQI का हाल...
स्थान | एक्यूआई |
इंडिया गेट |
269 |
अक्षरधाम मंदिर |
426 |
बारापुला |
290 |
गाजियाबाद |
324 |
नोएडा |
248 |
गुरुग्राम |
25 |
अगले तीन दिन छाया रहेगा हल्का कोहरा, विजिबिलिटी होगी कम
दिल्ली में अब ठंडक का कुछ असर दिखने लगा है। शनिवार को छायी हल्की धुंध ने सूरज की तेजी को कम कर दिया। हालांकि इसके चलते वायु प्रदूषण का स्तर भी तेजी से बढ़ा। इसके चलते अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था।
वहीं न्यूनतम पारा 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से 1.20 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। हालांकि मौसम विभाग ने रविवार से अगले तीन दिनों तक सुबह धुंध या हल्का कोहरा छाये रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। पिछले 24 घंटों से दोपहर में तेज गर्मी और रात में हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। लोग दिन में पसीने से परेशान हो रहे रहे हैं और रात में उन्हें हल्की सिहरन का अहसास हो रहा है। हालांकि, मौसम में बड़ा बदलाव 19 अक्टूबर से देखा जा सकता है।
मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले चार-पांच दिनों से हवाओं की गति धीमी बनी हुई है। इसके चलते दोपहर में गर्मी और प्रदूषण में वृद्धि हो रही है। फिलहाल हवा की गति बढ़ने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 अक्टूबर से लेकर 21 अक्टूबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाये रहने की उम्मीद है। इसकी वजह से विजिबिलिटी में कमी आ सकती है।
