भदोही।
श्रीगणेश महोत्सव के अंतिम दिन शनिवार की रात भदोही नगर और नई बाजार क्षेत्र में भक्तिभाव और उल्लास के साथ भव्य प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। नगर व नई बाजार से कुल 42 गणेश प्रतिमाएं शोभायात्रा में शामिल हुईं, जिन्हें विधिवत रूप से औराई के उगापुर नहर में विसर्जित किया गया।
शाम होते ही नगर के मर्यादपट्टी स्थित एकमा तिराहे पर सभी प्रतिमाएं एकत्र होने लगीं। रात्रि करीब 8:30 बजे विसर्जन यात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज पर नृत्य करते हुए अबीर-गुलाल और पटाखों के बीच जयकारों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोषों से पूरा नगर गूंज उठा।
यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों – अजीमुल्लाह चौराहा, तकिया कल्लन शाह, लिप्पन तिराहा होते हुए ओवरब्रिज मार्ग से रजपुरा और फिर औराई के उगापुर नहर तक पहुंची। रात्रि करीब 11:30 बजे सभी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ड्रोन कैमरों से जुलूस की निगरानी की गई।
इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल, विनीत बरनवाल, डीएम सिंह गहरवार, गिरधारी जायसवाल, विकास सेठ, अशोक पाल, नवीन यादव, प्रिंस गुप्ता, बच्चा चौरसिया, सुभाषचंद्र मौर्य सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और उनका उत्साह यह दर्शाता है कि श्रीगणेश महोत्सव अब केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़ा एक बड़ा सांस्कृतिक पर्व बन चुका है। रिपोट - प्रदीप दुबे 151168609
