फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी,गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि जिंतेंद्र सिंह ने बलिया जिले के करणी सेना के जिलाध्यक्ष के फेसबुक आईडी से सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी के बाद उनको जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने की मांग की है।
घटना पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की बढ़ती लोकप्रियता कुछ लोगों को हजम नहीं हो रही है। दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज बुलंद करने वाले सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गोली मारने की धमकी को गम्भीरता से लिया जाना चाहिए। शासन और प्रशासन को इस मामले में कठोर कार्रवाई करने करने के साथ ओमप्रकाश राजभर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करना चाहिए। ओमप्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश ही नहीं बिहार समेत अन्य राज्यों में भी गरीबों की आवाज बन रहे हैं। इसे देखकर उनके विरोधी उनकी आवाज को दबाने के लिए इस तरह की धमकी दे रहे हैं। लेकिन ऐसी धमकियों से ओमप्रकाश राजभर की आवाज को नहीं दबाया जा सकता है। गरीबों और मजलूमों की आवाज को बुलंद करने वाले ओमप्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी के बाद उनको जेड श्रेणी सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को गोली मारने की धमकी देने वाले करणी सेना पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी गयी धमकी से सुभासपा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। यदि इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सुभासपा का एक एक कार्यकर्ता अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर भी उतर सकता है। उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग किया कि ओमप्रकाश राजभर को जेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराया जाए।
