जयपुर। राजसथान के चुरू में बड़ा विमान हादसा हो गया है। रतनगढ़ में अचानक वायुसेना का एक फाइटर प्लेन क्रैश (Fighter Plane Crash in Rajasthan) हो गया। यह हादसा भानुदा गांव में देखने को मिला है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस हादसे में 2 पायलटों की मौत हो गई है।
प्लेन क्रैश के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है। प्लेन क्रैश की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा मौके पर पहुंचा। राजलदेसर पुलिस थाने का जाप्ता मौके के लिए रवाना हुआ है।
रक्षा सूत्रों ने दी जानकारी
समाचार एजेंसी एएनआई ने रक्षा सूत्रों के हवाले से घटना की जानकारी दी है। इसके अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान भातीय वायुसेना का जगुआर फाइटर प्लेन था। हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
सूरतगढ़ से भरी थी उड़ान
वायुसेना के इस लड़ाकू विमान ने सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी। विमान में 2 पायलट मौजूद थे, जिनकी जान चली गई है। हालांकि, रतनगढ़ के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वायुसेना ने 2 हेलीकॉप्टर घटनास्थल की ओर रवाना किए।
पहले भी 2 बार क्रैश हो चुका है जगुआर
बता दें कि इससे पहले भी 2 बार जगुआर फाइटर प्लेन क्रैश हो चुके हैं। 3 महीने पहले भी ऐसा ही एक हादसा देखने को मिला था। अप्रैल में जामनगर एअरफील्ड से उड़ान भरने वाला जगुआर एअरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। भारतीय वायुसेना के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ था। वहीं, 7 मार्च को हरियाणा के अंबाला में भी जगुआर एअरक्राफ्ट क्रैश हो गया था।