रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर की सहायक कंपनी रिलायंस एरोस्ट्रक्चर लिमिटेड ने वैश्विक बाजारों के लिए भारत में 'फाल्कन 2000 बिजनेस जेट' बनाने के लिए फ्रांस की दिग्गज कंपनी दसॉ एविएशन के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने बुधवार को पेरिस एयरशो के दौरान इसकी घोषणा की। यह साझेदारी भारत की वैमानिकी विनिर्माण (एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग) क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भारत इस ऐतिहासिक समझौते से अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ब्राजील के साथ अगली पीढ़ी के बिजनेस जेट बनाने वाले देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा। दसॉ एविएशन ने कहा कि पहली बार वह फ्रांस के बाहर फाल्कन 2000 जेट का विनिर्माण करेगी। फाल्कन 2000 जेट के लिए अत्याधुनिक असेंबली लाइन महाराष्ट्र के नागपुर में स्थापित की जाएगी। यह फ्रांस के बाहर पहला ऐसा उत्कृष्टता केंद्र होगा।
2028 तक तैयार होगा पहला मेड इन इंडिया फाल्कन 2000 जेट
दसॉ एविएशन के चेयरमैन और सीईओ एरिक ट्रैपियर ने कहा, यह नया समझौता एक बार फिर हमारी मेक इन इंडिया प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और वैश्विक आपूर्ति शृंखला में भारत को प्रमुख भागीदार के रूप में स्थापित करता है। समझौता संयुक्त उद्यम को फ्रांस के बाहर फाल्कन असेंबली के लिए पहला उत्कृष्टता केंद्र बनाएगा। नई असेंबली लाइन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को पूरा करेगी। पहला 'मेड इन इंडिया' फाल्कन 2000 वर्ष 2028 तक बनकर तैयार होगा।