फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के बाजपुर रजवाह में रविवार दोपहर एक महिला का शव मिला। मृतका की शिनाख्त कन्नौज निवासी 42 वर्षीय राजश्री के तौर पर हुई है। वह आंगनबाड़ी कार्यकत्री थीं। महिला की बेटी का बाजपुर में ससुराल है। बेटी और दामाद के बीच चल रही कलह के चलते बेटी को घर ले जाने आईं थीं। मृतका के बेटे ने मां की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। महिला के सिर में गहरे चोट के निशान मिले हैं, इससे पुलिस भी हत्या का संदेह जाहिर करते हुए जांच में जुट गई है। बेवर थाना क्षेत्र के गांव बाजपुर मोटा रोड पर रविवार दोपहर रजवाह के पास से गुजरते राहगीरों ने एक महिला का शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। बाजपुर के ग्रामीणों से तहकीकात की, तभी मौके पर अभिषेक निवासी नादेमऊ, सौंरिख, कन्नौज पहुंचा। उसने शव की शिनाख्त अपनी 42 वर्षीय मां राजश्री उर्फ मंजू देवी के रूप में की। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सोनी का ससुराल बाजपुर में है। मां राजश्री शनिवार शाम को बहन की ससुराल जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात बहन से बात हुई तो उसने बताया कि मां नहीं पहुंचीं हैं। इस पर वह बाजपुर आ गया। रातभर तलाश की। मगर, मां का सुराग नहीं लगा। राजवाह में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर वह मौके पर आया तो शव की शिनाख्त मां के रूप में की। इधर, हत्या कर महिला का शव रजवाह में फेंके जाने की सूचना पर एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल की जांच की। सीओ भोगांव सत्य प्रकाश शर्मा को जल्द खुलासा किए जाने के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम ने भी जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं। वहीं, डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल पर छानबीन की। हत्या की आशंका के बीच पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
