फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
सफेद जूते काफी क्लासिक लुक देते हैं। इस रंग के जूतों को लगभग हर पोशाक के साथ आसानी से मैच किया जा सकता है। यही कारण है कि सफेद रंग के शूज लगभग सभी लोगों को पसंद होते हैं लेकिन सफेद जूते पहनने का जोखिम कम ही लोग उठाते हैं। जोखिम...? हां क्योंकि सफेद रंग बहुत आसानी से गंदा हो जाता है, खासकर सफेद जूतों को हाई मेंटेनेंस की जरूरत होती है।
आपकी छोटी सी गलती या लापरवाही से सफेद शूज काले हो जाते हैं। जूतों पर लगी गंदगी व जिद्दी दाग साफ करने के चक्कर में शूज खराब भी हो सकते हैं। लेकिन कुछ घरेलू उपायों या नुस्खों को अपनाकर आप सफेद जूतों को चमका कर नया जैसा बना सकते हैं। इसमें न तो अधिक मेहनत की जरूरत होती है और ना ही ज्यादा व्यय करने की। आइए जानते हैं घर पर आसानी से सफेद जूतों को चमकाया कैसे जाए।
डिशवॉश लिक्विड
एक गर्म पानी में लगभग एक चम्मच डिशवॉश को अच्छे से मिला लें। इसके बाद कपड़े या टूथब्रश की मदद से जूते को रगड़कर साफ करें। जब जूते से दाग निकल जाए तो साफ पानी से धोकर खुली हवा में जूते को सुखा लें।
बेकिंग सोडा
सफेद जूतों को चमकाने के लिए बेकिंग सोडा और विनेगर का इस्तेमाल करें। एक चम्मच गर्म पानी में एक बड़ा चम्मच वाइट विनेगर और उतना ही बेकिंग सोड़ा मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इसे टूथब्रश का उपयोग करके जूतों पर गोल घुमाते हुए रगड़ें। पेस्ट लगे जूतों को हवा में कुछ देर सूखने दें, फिर साफ पानी से धो लें।
टूथपेस्ट
दांतों की तरह सफेद जूतों को भी टूथपेस्ट से चमका सकते हैं। इसके लिए वाइटनिंग वाला सफेद टूथपेस्ट उपयोग में लाएं। ब्रश की मदद से जूतों पर रगड़ें। थोड़ी देर ऐसे ही छोड़ दें, फिर साफ पानी या गीले कपड़े से साफ कर लें।
