फास्ट न्यूज़ इंडिया राजस्थान भरतपुर। शहर के मथुरा गेट थाना इलाके स्थित सुजान गंगा नहर में शुक्रवार रात को गिरे हुए व्यक्ति के शव का शनिवार सुबह सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू किया। मृतक के परिजनों ने बताया कि दीपू (31) ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। वह अपने परिवार के साथ किले में किराए के मकान में रहता था। कल वह सुजान गंगा नहर की बाउंड्री पर बैठा था तो अचानक वह सुजान गंगा नहर में गिर गया। स्थानीय लोगों ने दीपू को नहर में गिरते हुए देख लिया था। उन्होंने घटना की सूचना मथुरा गेट थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। सिविल डिफेंस की टीम ने दीपू को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन अंधेरा होने के चलते उसका कुछ पता नहीं लग पाया। आज सुबह दीपू का शव मथुरा गेट थाना इलाके में एक घाट पर दिखाई दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मथुरा गेट थाना पुलिस को दी। मौके पर फिर से सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया गया। सिविल डिफेंस की टीम ने शव को सुजान गंगा नहर से बाहर निकाला। जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।