नई दिल्ली। ट्रेमेट्रो न की उपलब्धता, यात्रियों की सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं को लेकर यात्री कितने संतुष्ट है इसे लेकर वैश्विक संस्था द्वारा आनलाइन सर्वे कराया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो के यात्री भी इस आनलाइन सर्वे में भाग ले सकते हैं। इस सर्वे का उद्देश्य मेट्रो संचालन और यात्री सुविधा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लोगों से सुझाव लेना है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सीओएमटी (कम्युनिटी आफ मेट्रो) समूह का प्रबंधन करने वाली संस्था ट्रांसपोर्ट स्ट्रेटजी सेंटर (टीएससी) द्वारा 27 मार्च से 30अप्रैल तक आनलाइन उपभोक्ता संरक्षण सर्वेक्षण का दसवां संस्करण शुरू किया गया है। इसमें भाग लेकर यात्री मेट्रो सेवा में सुधार को लेकर सुझाव दे सकते हैं।
सर्वेक्षण में शामिल होने के लिए डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आनलाइन सर्वे के लिंक पर क्लिक करना होगा। अंग्रेजी व हिंदी दोनों भाषाओं में लोग अपनी राय रख सकते हैं। सर्वे में यात्री मेट्रो की उपलब्धता, विश्वसनीयता, सेवा की गुणवत्ता, उपभोक्ता देखभाल, सुरक्षा, उपयोग में सुगमता, यात्रा को लेकर जरूरी सूचना, आरामदायक यात्रा व भीड़ को लेकर अपनी राय रखेंगे। पूरे विश्व के मेट्रो सेवा को लेकर हो रहे इस सर्वे से यह जानने की कोशिश होगी कि यात्री उपलब्ध सेवाओं से कितने संतुष्ट हैं।
