रामनगर / वाराणसी दो साल बाद रामनगर में रथयात्रा मेले का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। कुंवर अनंत नारायण सिंह और उनके पुत्रों अनिरुद्ध नारायण सिंह और प्रद्युम्न नारायण सिंह ने रामबाग पर पारंपरिक रूप से रथ की रस्सी को सांकेतिक रूप से खींच कर रथयात्रा को अयोध्या मैदान के लिए रवाना किया। इसके अलावा राजकुमारी हरिप्रिया और कृष्णप्रिया ने भी रथ की रस्सी खींचने की रस्म निभाई। रामनगर की रथयात्रा के रथ में राधा कृष्ण की मूर्ति विराजमान रहती है। शाम लगभग पौने छह बजे रथयात्रा रामबाग से चली। भक्तों का समूह रथ को खीचतें चल रहा था। बैंड दल और शहनाई दल आगे आगे चल रहा था। रथ के पीछे राजपरिवार के सदस्य चल रहे थे। लगभग एक घण्टे की यात्रा के बाद रथ रामनगर किला के पास स्थित अयोध्या मैदान पहुँचा। यहाँ दर्शन पूजन का क्रम शुरू हुआ। कुंवर सहित राज परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अयोध्या पहुँच कर ठाकुर जी के दर्शन किये। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दर्शन पूजन किया। दो दिनी रथयात्रा मेले का समापन शनिवार को होगा।