आगरा की बहू की UPSC में देश में तीसरी रैंक:तीसरे प्रयास में हासिल किया मुकाम, अभी आडिट एंड अकाउंट सर्विसेज में तैनात, पति भी मुंबई में हैं आइपीएस
आगरा की बहू अंकिता जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2020 की परीक्षा में देश में तीसरा स्थान प्राप्त कर परचम लहराया है। अंकिता डिफेंस एस्टेट निवासी डा. राकेश त्यागी और डा. सविता त्यागी की पुत्रवधू हैं। अंकिता वर्तमान में आडिट एंड एकाउंट सर्विसेज में मुंबई में तैनात हैं। उनके पति भी महाराष्ट्र कैडर में आइपीएस हैं।
जुलाई में ही हुई है शादी
डिफेंस एस्टेट निवासी डा. राकेश त्यागी ने बताया कि उनकी पुत्रवधू अंकिता जैन ने यूपीएससी की परीक्षा में देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि इस साल 7 जुलाई को उनकी बेटे की शादी मूलरूप से दिल्ली की रहने वाली अंकिता जैन से हुई थी। अंकिता ने सिविल सर्विसेज में तीसरा स्थाना प्राप्त कर पूरे परिवार का नाम रोशन किया है। अभी अंकिता मुंबई में हैं। वहीं, उनके बेटे अभिनव त्यागी भी आइपीएस हैं। वो भी महाराष्ट्र के गोंदिया में एएसपी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहू का सिविल सर्विसेज में यह तीसरा प्रयास था। तीसरी बार में उन्होंने देश में तीसरी रैंक प्राप्त की है। उन्हें खुशी है अब उनकी बहू आइएसएस बन जाएगी।