गाजियाबाद. Bharat Bandh : संयुक्त किसान मोर्चा (United Kisan Morcha) ने तीन कृषि कानूनों (New Farm Laws) के विरोध में आज सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक भारत बंद (Bharat Bandh) का आह्वान किया है, जिसका विपक्षी दल सपा-बसपा ने भी समर्थन दिया है। लेकिन, वहीं दूसरी तरफ तमाम व्यापारी इसके विरोध में उतर आए हैं। व्यापारियों का कहना है कि आम दिनों की तरह ही वह अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान खोलेंगे। सोमवार सुबह 10 बजते ही गाजियाबाद के सभी बाजार रोजाना की तरह खुल गए। हालांकि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस टीम लगातार बाजारों का दौरा करती नजर आई।
उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर किसान 10 महीने से आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का ऐलान किया है, लेकिन गाजियाबाद में इसका असर होता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। क्योंकि यहां के व्यापारी वर्ग ने इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के चलते लगाए गए लॉकडाउन में व्यापारी पूरी तरह से टूट चुके हैं और अब मुश्किल से उनका व्यापार चलना शुरू हुआ है। अभी व्यापार पटरी पर वापस नहीं लौटा है। इसलिए भारत बंद का व्यापारी समर्थन नहीं करेंगे। तमाम जगह के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक बैठक कर यह निर्णय लिया।