सांगीपुर ब्लाक में अपने और कार्यकर्ताओं पर हुये हमले को सांसद ने बताया साजिश
योगी की भाजपा सरकार में गुंडों का होगा सफाया
कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, सांसद के आरोपों को बताया झूठ का पुलिंदा
विशाल रावत ब्यूरो चीफ
प्रतापगढ़। सांगीपुर ब्लाक के सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के कार्यक्रम में शिरकत करने गये भाजपा सांसद संगम लाल गुप्ता ने अपने ऊपर हुये हमले और कार्यकर्ताओं की पिटाई में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की पूर्व नियोजित साजिश बताया। कहा है कि वे और बीजेपी के कार्यकर्ता रामपुर खास से गुंडों और उनके गुंडाराज का खात्मा करेंगे। उनका इशारा कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी और विधायक आराधना मिश्र मोना की तरफ़ था। सांसद यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने कहा कि भाजपा की योगी सरकार में गुंडों का सफाया हो रहा। रामपुर में भी होगा। सांसद रविवार को टीवी पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लाक कार्यक्रम में वे बीजेपी सरकार के साढ़े चार साल में हुये विकास की उपलब्धियों को लोगों से साझा करने गये थे। उस समय मंच पर कांग्रेस वालों का क्या काम था। आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों ने दारोगा त्यागी को मारा। बीजेपी कार्यकर्ताओ को दौड़ाकर पीटा। जिसमें ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हुये। उन पर हमला किया गया। पत्थर फेंके गये। गाड़ियां तोड़ी गई। भला हो सुरक्षा कर्मियों का जिन्होंने उनकी जान बचाई। नहीं तो बहुत बड़ी घटना हो जाती। उधर, कांग्रेस ने सांसद संगम लाल और कार्यकर्ताओं के आरोपों को झूठा बताया है। जिला अध्यक्ष डॉक्टर लाल जी त्रिपाठी और कार्यकर्ताओं ने एसपी से मिलकर उन्हें घटना में कांग्रेसजनों के हाथ होने की बात से इंकार किया है। नेताओं का कहना है कि सांसद जब ब्लाक से बाहर भागे तो सही सलामत थे उनका कुर्ता फटा नहीं था। मीडिया के सामने आये तो कुर्ता फटा था। सांसद कार्यक्रम में काफी लेट से पहुँचे थे। उस समय कांग्रेस का कार्यक्रम चालू था। ये लोग जबरन मंच पर आये। जिससे यह नौबत आई। भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय ने महिलाओं को भद्दी भद्दी गालियां दी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके भी कार्यकर्ताओं को पीटा गया है। चोंटे आई है। उन्होंने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने, कांग्रेस जनों का उत्पीड़न रोकने,जांच पूरी होने तक गिरफ्तार न किये जाने की मांग एसपी से की है। ज्ञापन देने वालों में डॉक्टर नीरज त्रिपाठी, वेदात, प्रशांत शुक्ला और कपिल द्विवेदी समेत कई लोग शामिल रहे। उधर, बीजेपी वालों ने कटरा चौराहे पर प्रमोद तिवारी का पुतला फूंका।