देवास(फास्ट न्यूज़ इंडिया)। किराया मांगने पर विवाद के बाद कुछ लोगों ने बसों के कांच फोड़ दिए। शनिवार रात को दो लोग इंदौर से देवास बस में बैठकर आ रहे थे। बस कंडक्टर ने दोनों से किराया मांगा तो आरोपितों ने विवाद शुरू कर दिया। बस जब शहर में बस स्टैंड पहुंची तो कुछ देर बाद ही आरोपित अपने साथियों केसाथ चार पहिया वाहन से आए और हथियार से बसों के कांच फोड़ने लगे। इससे स्टैंड पर हड़कंप मच गया। करीब चार से पांच बसों के कांच फोड़ने की घटना हुई है। कुछ सवारियों को भी कांच से चोट लगने की बात सामने आई है। मामले में रात में ही सीएसपी मौके पर पहुंचे। केस में दो आरोपित पर नामजद के साथ ही अन्य पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी अनुसार ओम साईंराम बस शनिवार रात को इंदौर से देवास आ रही थी। इस दौरान दो लोग देवास के लिए बैठे। कंडक्टर ने दोनों से किराया मांगा तो वे विवाद करने लगे। बस रात 11 बजे देवास बस स्टैंड पहुंची। कुछ ही देर में आरोपित अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचे और ताबड़तोड़ वहां ख़ड़ी बसों के सामने के कांच फोड़ने शुरू कर दिए। पांच बसों के कांच फोड़े गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। वहीं रात को ही घटना स्थल पर सीएसपी विवेकसिंह और कोतवाली टीआइ उमरावसिंह पहुंचे। सीएसपी सिंह ने बताया दो लोगों पर नामजद के साथ अन्य पर प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं मामला एजेंटी और हफ्ता वसूली से भी जुड़ा बताया जा रहा है। बस चालक मनोज कुमवात ने आरोप लगाते हुए बताया कि दो सवारी बस में बैठी थी उन्होंने कहा कि हमारा किराया नहीं लगता है। बस स्टैंड बस पहुंची उन्होंने फोन कर लोगों को बुलाया और बसों के कांच फोड़ दिए। पुलिस ने मनोज उर्फ अमित कुमावत इटावा और सूरज सोदे निवासी बिहारीगंज की शिकायत पर भीम धारु, चिंटू धारू सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।