सम्भल : संभल जनपद में वर्तमान में कुल 12 थाने हैं। पुलिस व प्रशासन ने करीब दो माह पहले जिले के थानों के क्षेत्रफल का आंकलन किया थी। डीएम व एसपी के निर्देश पर एडीएम व एएसपी ने दस जून 2021 को गुन्नौर कोतवाली में जुनावई पुलिस चौकी को नया थाना, 28 जुलाई 2021 को थाना असमोली में एचोड़ा कंबोह को नया थाना, 17 सितंबर 2021 को बहजोई गांव मुजाहिदपुर स्थित कैलादेवी क्षेत्र को नया थाना बनाने का स्थापना का प्रस्ताव तैयार शासन को भेजा था। इस प्रस्ताव पर राज्यपाल ने अपनी स्वीकृति दे दी है। राज्यपाल के आदेश पर अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने संभल जनपद में तीन नए थाने बनाये जाने के आदेश पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश को दिए हैं।
जनपद में वर्तमान में थाना संभल, असमोली, नखासा, हयातनगर, रजपुरा, गुन्नौर, धनारी, बहजोई, चंदौसी, बनियाठेर, कुढ़फतेहगढ़, हजरतनगर गढ़ी शामिल हैं। हजरत नगर गढ़ी थाना करीब दो माह पहले मुरादाबाद जनपद से हटाकर संभल में शामिल किया गया है। इससे पहले संभल जनपद में मात्र 11 थाने थे। अब थानों की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।
संभल जनपद में तीन नए थाने बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसकी स्वीकृति शासन से मिल गई है। इससे लोगों को अपनी समस्या लेकर ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही थाना नजदीक होने पर पुलिस को अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। -चक्रेश मिश्र, एसपी संभल।
सम्भल सवांददाता सुरेन्द्र सिंह151030950