शहर में एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। गुरुवार को महाकाल थाना क्षेत्र के मुल्लापुरा में रहने वाले बदमाश शहंशाह का मकान तोड़ा गया। इसके अलावा नीलगंगा थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा में रहने वाले सन्नााी मराठा का अवैध मकान भी तोड़ा गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात था।
लंबे समय से बाद एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई नगर निगम व पुलिस प्रशासन ने शुरू की है। गुरुवार को महाकाल थाना क्षेत्र के बड़नगर रोड पर स्थित मुल्लापुरा में रहने वाले शहंशाह पुत्र मुकीम उम्र 30 वर्ष का दो मंजिला मकान तोड़ा गया। शहंशाह के खिलाफ 38 केस दर्ज है। इनमें अवैध शराब बेचने के 9 मामले हैं। 16 केस मारपीट के दर्ज हैं। वहीं जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट के भी केस हैं। गुरुवार करीब 11 बजे पुलिस व नगर निगम की टीम शहंशाह के घर पहुंच गई थी। यहां निगम कर्मचारियों ने मकान से सामान निकाला और उसे जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। घर की महिलाओं ने विरोध किया तो महिला पुलिस बल ने उन्हें वहां से हटा दिया।
पहले मकाना खाली करवाया
मुल्लापुरा में कार्रवाई के बाद पुलिस व नगर निगम की टीम नीलगंगा थाना क्षेत्र में विष्णुपुरा पहुंच गई थी। यहां सन्नााी उर्फ विजय पुत्र उमेश राव मराठा उम्र 25 वर्ष का मकान तोड़ा गया। सन्नााी के खिलाफ 15 केस दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास के तीन, मारपीट, अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ एक्ट के मामले भी दर्ज हैं।
महिलाओं ने किया विरोध
पुलिस व निगम की टीम पहुंचने पर सन्नााी के घर की महिलाओं ने भी विरोध किया था। हालांकि पुलिस बल देखकर वह ज्यादा देर विरोध नहीं कर पाई। नगर निगम कर्मचारियों ने सन्नााी के घर से सामान बाहर किया और हथौड़े की मदद से उसका मकान भी तोड़ दिया। पुलिस को सन्नााी के मकान से दो तलवार व लोगों के मकान की रजिस्ट्री भी मिली है। इसके अलावा उसके घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। इसे पुलिस ने डीवीआर सहित जब्त कर लिया। दोनों कार्रवाई के दौरान सीएसपी पल्लवी शुक्ला, नीलगंगा टीआइ तरुण कुरील, महाकाल टीआइ मुनेंद्र गौतम, नानाखेड़ा टीआइ ओपी अहिर, पंवासा टीआइ गजेंद्र पचौरिया सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।