मेरठ,जेएनएन। दैनिक जागरण के 'स्वच्छ मेरठ-स्वस्थ मेरठ' अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड 42 अंतर्गत जैन नगर में विशेष सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचे निगम अफसरों ने जनता की समस्याएं सुनीं। काफी समय से बंद पड़े जैन नगर रोड की पुलिया निर्माण को चालू करवाया। सड़क पर फैले कचरे को उठवाया। आश्वस्त किया कि जल्द ही खत्ते का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। विशेष सफाई अभियान की शुरुआत सुबह 7.30 बजे जैन मंदिर के पास से हुई। सफाई नायक सतीश कुमार के नेतृत्व में जैन नगर की मुख्य सड़कों पर नगर निगम के सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाई। पेड़ों की छंटाई के बाद पड़ी टहनियां उठवाई। जगह-जगह पड़े कचरे के ढेर उठाए। नालियों की सफाई की। सफाई के बाद चूने का छिड़काव किया। सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय भी पहुंचे।