फिर देखिए युवी के 1 ओवर में 6 छक्के:14 साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ किया था कारनामा; फ्लिंटॉफ ने दिलाया था गुस्सा फिर आई स्टुअर्ट ब्रॉड की शामत
एक घंटा पहले आज ही के दिन 14 साल पहले टी-20 क्रिकेट में पहली बार किसी खिलाड़ी ने लगातार 6 गेंद पर 6 छक्के उड़ाए थे। मौका था पहले टी-20 वर्ल्ड कप का। बल्लेबाज थे भारत के युवराज सिंह और गेंदबाज थे इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड। इस याद को ताजा कर दिया IPL की टीम मुंबई इंडियंस ने। MI ने ट्वीट करते हुए युवी के 6 छक्कों वाले वीडियों को भी पोस्ट किया। इस मैच के बाद ही युवराज सिंह को सिक्सर किंग का नाम मिला था। 2007 के वर्ल्ड टी-20 का ये पल शायद ही कोई क्रिकेट प्रेमी भूल सकता हो।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। 155 रन के स्कोर पर रॉबिन उथप्पा के रूप में टीम का तीसरा झटका लगा। यह लगातार तीन ओवर में भारत को मिला तीसरा झटका था। क्रीज पर धोनी और युवराज थे। एंड्रयू फ्लिंटॉफ के ओवर में जब युवी ने दो चौके मारे तो इंग्लिश ऑलराउंडर चिढ़ गए। ओवर खत्म होने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई।