ट्रानिका सिटी थाना क्षेत्र में मंडोला गांव के पास तीन कृषि कानून का विरोध कर रहे लोगों ने शनिवार को सांकेतिक समाधि के लिए जेसीबी से कुछ अन्य गड्ढे खोदे। जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने देर रात गड्ढों में मिट्टी डलवाकर उसे भर दिया। आरोप है कि लोगों के गड्ढों में बैठने के बाद भी जेसीबी को नहीं रोका गया।
आवास विकास परिषद कार्यालय मंडोला के पास कुछ लोग तीन कृषि कानून के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। समस्या का समाधान न होने पर 15 सितंबर को 17 लोगों ने विरोधस्वरूप सांकेतिक समाधि लेते हुए गड्ढे खोदकर उनमें लेट गए थे। अधिकारियों ने वार्ता कर सांकेतिक समाधि व अनशन समाप्त करने को कहा था, लेकिन लोग नहीं माने। दो दिन पूर्व महिलाओं ने भी समाधि में बैठने की बात कही थी। शनिवार शाम को लोगों ने समाधि के लिए 21 नए गड्ढे खोदे। आविप अधिकारियों की शिकायत पर उपजिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने तहसीलदार, लेखपाल व पुलिस बल को भेजकर मिट्टी डलवाकर गड्ढों को भर दिया। लोगों पर मिट्टी डालने का आरोप : प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने शाम के समय जेसीबी से 21 नए गड्ढे खोदे थे। रात करीब दो बजे अधिकारी दो जेसीबी लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने गड्ढों को भरना शुरू किया। इसका विरोध करते हुए किसान गड्ढों में जाकर बैठ गए, लेकिन जेसीबी चालक मिट्टी डालता रहा। इससे कुछ लोगों पर भी मिट्टी आ गई। टकराव की स्थिति उत्पन्न होने पर लोग गड्ढों से निकलकर बाहर आ गए। इसके बाद 15 गड्ढों को भर दिया गया। इसके बाद अधिकारियों ने दूसरे गड्ढों को भी भरने की कोशिश की। लोगों ने गड्ढों में लेटकर स्वयं फावड़ों से मिट्टी डालनी शुरू कर दी, जिस पर अधिकारियों ने कार्रवाई रोक दी। वर्जन.. कुछ लोग सड़क के एक ओर गड्ढे खोदकर सांकेतिक समाधि के लिए लेटे हैं। उन्होंने दूसरी ओर भी जेसीबी से गड्ढे किए थे। इस पर आवास विकास परिषद के अधिकारियों ने शिकायत की थी। गड्ढों को बंद कराया गया है। अतिरिक्त गड्ढे खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी।