रायपुर। सिविल लाइन जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े दो युवकों ने राह चलती एक युवती से छेड़छाड़ की। इसके दो घंटे के भीतर ही दोनों मनचलों को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल खुलेआम हो रही छेड़छाड़ का एक राहगीर ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
इसके बाद रायपुर पुलिस को सोशल मीडिया में तरह-तरह के कमेंट आने लगे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय घटना स्थल के आसपास कई मंत्री और पुलिस अफसरों का बंगला है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को एक युवती भगत सिंह चौक की ओर से शंकर नगर की ओर पैदल जा रही थी। युवती मोबाइल में बातचीत कर रही थी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत के बंगले के पास दोपहिया सवार नितिन शर्मा और राजू शर्मा पहुंच गए और युवती का पीछा करते हुए उन पर भद्दे कमेंट करने लगे। इससे युवती परेशान हो गई।