हिमाचल प्रदेश, जिला हमीरपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक एवं भोरंज से प्रत्याशी रहे सुरेश कुमार ने प्रदेश में कार्यरत आशा वर्कर्स की सेवाओं को स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध आधार के दायरे में लाने तथा उन्हें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन देने की मांग की है। सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं का शोषण कर रही है। प्रदेश में कार्यरत आशा वर्करों ने करोना काल में विकट परिस्थितियों में कार्य करते हुए समाज सेवा की है। बिना पीपी किट के घर घर जाकर कोविड रोगियों की सहायता करना व वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। लेकिन सरकार ने इनकी सेवाओं की कदर नहीं की। सुरेश कुमार ने कहा आशा वर्कर्स को स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध आधार पर समायोजित किया जाना चाहिए और साथ ही सरकार द्वारा इन्हें न्यूनतम वेतन के दायरे में लाना चाहिए। उन्होंने कहा आशा वर्कर्स स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सरकार के अन्य कार्यों में भी सहयोग करती हैं लेकिन उन्हें सरकार द्वारा उचित सम्मान व वेतन ना देना उनके साथ अन्याय है। सुरेश कुमार ने कहा कांग्रेस पार्टी आशा वर्कर्स की सेवाओं को देखते हुए उन्हें सम्मानित करने का कार्यक्रम चलाएगी।
फ़ास्ट न्यूज इंडिया प्रदेश इंचार्ज रत्न चंद की रिपोर्ट
ID 151049876
Date- 16/09/2021