बरेली, जेएनएन। Raid in Bareilly : मोबिल के अवैध भंडारण पर शनिवार को आपूर्ति विभाग व इज्जतनगर पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा। छापामार कार्रवाई पर गोदाम पर टीम को सिर्फ एक आदमी मिली। भंडारण से संबंधित कागजात मांगे गए लेकिन, वह कागजात न दिखा पाया। इसके बाद आपूर्ति विभाग ने गोदाम सीज कर दिया। इधर, गोदाम मालिक ने कागजात पूरे होने की बात कही है। छोटे बड़े मिलाकर 24 ड्रम मोबिल टीम जब्त कर लाई है। सैंपल भी ले लिये गए हैं।
इज्जतनगर के नगरिया कला ईंट भट्टे के सामने अरूण कुमार का पेट्रोलियम पदार्थ का भंडारण गोदाम है। अरूण प्रेमनगर के मंडल विहार के रहने वाले हैं। शनिवार को इज्जतनगर पुलिस को सूचना मिली कि अरूण के गोदा पर मोबिल का अवैध भंडारण हैं। टीम ने सूचना सीओ साद मियां खान को दी। इसके बाद सीओ के नेतृत्व में बनी टीम ने गोदाम पर छापा मारा। गोदाम पर अरूण का चचेरा भाई अनिल मिला। टीम ने उससे भंडारण संबंधी कागजात मांगे। इस पर अनिल ने अरूण को फोन किया। अरूण ने खुद के बनारस में होने की बात कही। गोदाम संबंधी कागजात पूरे होने की बात कही लेकिन, अनिल द्वारा कोई कागज नहीं दिखाई गए। इसी के बाद आपूर्ति विभाग की टीम बुलाई गई। कागजात न मिलने पर आपूर्ति विभाग ने गोदाम सील कर दिया। अब आपूर्ति विभाग की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। देररात तक आपूर्ति विभाग की ओर से मामले में इज्जतनगर थाने में कोई रिपोर्ट नहीं दी गई। कागजात न दिखा पाने पर आपूर्ति विभाग ने गोदाम सीज किया। अब आपूर्ति विभाग पुलिस को यदि रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर देती है तो पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - साद मियां खान, सीओ तृतीय