मनियर (बलिया) : थाना क्षेत्र के धसका गांव के नट बस्ती में रविवार की रात करीब आठ बजे पंचायत करने पहुंचे लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान जमकर धारदार हथियार एवं लाठी-डंडे चले, इसमें महिलाएं समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें तीन की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने मौके से तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं चार बाइक भी कब्जे में लिया है।
लड़की को मोबाइल नंबर देने के मामले को लेकर नट बस्ती में कई दिनों से पंचायत चल रही थी। मुड़ियारी समेत अन्य गांवों के कुछ रिश्तेदार भी रात को पंचायत करने के लिए आए हुए थे। इस दौरान विवाद हो गया। दोनों तरफ से हुई मारपीट में कलीम नट, श्रवण, दिनेश नट गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें कलीम के शरीर पर धारदार हथियार से गंभीर चोट आई है। वहीं संजू पत्नी ईशु, नेहा पुत्री कलीम, अमित बिद, इदन नट निवासी गण मुड़ियारी एवं सोनू निवासी सोनपुरवा (बालूपुर) थाना खेजुरी, दिलीप निवासी हालपुर को भी चोटें आई है। पुलिस ने आरोपित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। हमलावरों के चार बाइक को कब्जे में लिया है। इसमें दो घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी शैलेश सिंह ने बताया कि नट बिरादरी के लोग किसी मामले को लेकर पंचायत करने गए थे। इसी दौरान मारपीट हो गई। तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जाएगा।