संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र में गवां-अनूपशहर मार्ग पर गांव दीपपुर डांडा के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी टाटा मैजिक खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी। इसमें एक दर्जन श्रद्घालू घायल हो गए। सभी हरिबाबा धाम से दर्शन करने के बाद घरों को लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बुलंदशहर भर्ती कराया है।
बुलंदशहर जिले के थाना अहमदगढ़ के गांव डोका निवासी ग्रामीण शुक्रवार को टाटा मैजिक में सवार होकर संभल जनपद के तीर्थ स्थल हरिबाबा धाम पर दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद शाम छह बजे के करीब सभी लोग टाटा मैजिक में सवार हो अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही गांव दीपपुर डांडा के नजदीक पहुंचे, उसी समय सामने से एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार टाटा मैजिक का संतुलन बिगड़ गया। इससे टाटा मैजिक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गई। इससे श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई।
हादसा देख मदद के लिए ग्रामीण दौड़ पड़े। हादसे में सुनीता, कुसुम, दीपक, मुन्नी देवी, राजवती, दीपा, पंकज, हेमलता, गायत्री, जयपाल, जयसिंह और पांच वर्षीय आरुही समेत एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जनपद बुलंदशहर के कस्बा अनूपशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।''देखिए राजपुरा से गिरीश कुमार