1.95 लाख नए केस आए, यह बीते 42 दिन में सबसे कम
देश में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ती जा रही है। सोमवार को 1 लाख 95 हजार 685 लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा पिछले 42 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 13 अप्रैल को 1 लाख 85 हजार 306 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
हालांकि, मौत का आंकड़ा सरकार और लोगों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। देश में सोमवार को 3,496 लोगों की कोरोना की वजह से जान गंवानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 3 लाख 26 हजार 671 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 34 हजार 572 की कमी रिकॉर्ड की गई।
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।