फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर की मौत, तीन झुलसे
- 151044297 - RAJEEV KUMAR
0
गाजियाबाद के कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पंखा फैक्ट्री में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रैफर किया गया है। हादसा घटना शनिवार शाम को फैक्ट्री की छत पर लोहे का एंगल चढ़ाने के दौरान हुआ।
जानकारी के मुताबिक एंगल चढ़ाते समय एंगल का बैलेंस बिगड़ गया। मजदूरों ने एंगल को संभालने का काफी प्रयास किया, लेकिन एंगल संभलने के बजाय पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। इससे चारो मजदूर चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत मजदूर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फैक्ट्री के दो अधिकारियों को हिरासत में लिया है। मृत मजदूर के परिजनों ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक खुर्जा देहात का रहने वाला आकाश राणा (18) घूकना में किराए का कमरा लेकर अपनी मां सीमा व बड़ी बहन दिव्या के साथ रहता था। चार साल की उम्र में पिता सुधीर राणा की मौत के बाद वही परिवार का इकलौता सहारा था। आकाश बीते चार साल से कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पंखे बनाने वाली फैक्ट्री एरोलेक में काम करता था। इसी फैक्ट्री में कार्यरत हरीश व शिवम सेवानगर में रहता है। जबकि तीसरा मजदूर मंगल फैक्ट्री में ही रहता है।